बालोद,। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विकासखण्ड मुख्यालय डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में महिलाओं को सम्मानित करते हुए सुपोषण किट और मुनगा पौधों का वितरण किया। बालोद जिले में चलाए जा रहे कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत जिला प्रशासन की विशेष पहल पर माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विटामिन, मिनरल और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर मुनगा पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय और अन्य अतिथियों को पौधे भेंटकर सम्मानित किया। वहीं वन विभाग द्वारा भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मुनगा के पौधे वितरित किए गए।
इस अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लूनिया, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा अध्यक्ष श्री लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, पूर्व विधायक श्री वीरेंद्र साहू एवं श्री राजेंद्र राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगा राम चव्हाण, वन मंडल अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक के अलावा बड़ी संख्या में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, ग्रामीण महिलाएं और नागरिक मौजूद रहे।