बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 अगस्त को विकासखंड मुख्यालय डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे।
इस अवसर पर राज्य के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। वहीं बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों के खातों में 22 करोड़ 66 लाख 29 हजार 350 रुपये अंतरित किए जाएंगे।
बताया गया कि सितंबर 2026 की 31वीं किस्त की राशि का भुगतान सितंबर माह में किया जाना था, लेकिन रक्षाबंधन पर्व के पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इसे सौगात के रूप में अग्रिम रूप से जारी किया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं सुपोषण में भी सहायक हो रही है। महिलाएं इस राशि का उपयोग बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने सहित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं।
योजना के तहत अब तक प्रदेश के हितग्राहियों को 30 किस्तों में कुल 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। अब 25 अगस्त को डौंडीलोहारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य की महिलाओं के खातों में 31वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।