बालोद। जिला स्तरीय शांति सुरक्षा समिति की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिलेवासियों से ईद मिलाद-उन-नबी एवं कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की गई।
बैठक अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान 26 अगस्त को मनाए जाने वाले ईद मिलाद-उन-नबी और 4 सितंबर को मनाए जाने वाले कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
अपर कलेक्टर ने सभी समाज प्रमुखों से दोनों पर्वों के आयोजन में आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द्र के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में पुलिस एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न समाजों के प्रमुख उपस्थित रहे।