दुर्ग। अपराधों की उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने वाले दुर्ग जिले के विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ 16 अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कंट्रोल रूम भिलाई में आयोजित सम्मान समारोह में सभी चयनित अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं निर्धारित पुरस्कार प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह का आयोजन 24 अगस्त 2026 को उत्कृष्ट अपराध विवेचना करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रकरणों की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, तथ्यों के विश्लेषण, विधिक प्रक्रिया के पालन तथा प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण में प्रभावी कार्य किया।
इस दौरान बेहतर अनुसंधान, निष्पक्ष विवेचना, साक्ष्य आधारित कार्रवाई और प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी निष्ठा, लगन और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण विवेचना जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सम्मानित होने वालों में निरीक्षक बसंत बघेल, उप निरीक्षक पुरुषोत्तम कुर्रे, प्रमोद सिन्हा, चितराम ठाकुर, सुरेन्द्र नारम, श्रीराम पेण्ड्रो, दरबारी राम तोरम और मनीष बाजपेई शामिल हैं। वहीं सहायक उप निरीक्षक सुभाष कोसुर, लखन लाल साहू, मुरलीधर कश्यप, शशिकला साहू, इतवारी राम डहरे, रामकृष्ण तिवारी, जितेन्द्र चंद्राकर और मीरा वर्मा को भी उत्कृष्ट अपराध विवेचना के लिए सम्मानित किया गया।
दुर्ग पुलिस ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपराध विवेचना में निष्पक्षता, पारदर्शिता, विधिक प्रक्रिया और साक्ष्य आधारित अनुसंधान को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। साथ ही नागरिकों से अपराध संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।