गरियाबंद, गरियाबंद जिले के नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय में निवर्तमान कलेक्टर बीएस उइके से कार्यभार ग्रहण कर पदभार संभाला। इस दौरान निवर्तमान कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा को गरियाबंद जिले का 14वां कलेक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में कार्यरत थे। पदभार ग्रहण करने के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा की और जिले में संचालित विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की सामान्य जानकारी ली। उन्होंने जिले के विकास की गति को आगे बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जिले के अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, नवीन भगत सहित सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक भी ली और जिले में चल रहे विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की।