संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर उतई में भाजपा का कलश वंदन अभियान, सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

उतई। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के उतई मंडल द्वारा कलश वंदन अभियान का आयोजन किया गया। उतई नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। भाजपा उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर ने संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदियों पहले समाज को समानता और भाईचारे की राह दिखाई थी।

उन्होंने संत रविदास महाराज के संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” और “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जात-पात से ऊपर उठकर समतामूलक समाज की कल्पना की थी।

कलश यात्रा उतई मिनीमाता चौक से शुरू होकर मुख्य बाजार चौक मार्ग से होते हुए उतई नगर पंचायत के सामने स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, शिक्षा और स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा उतई मंडल महामंत्री प्रवीण यदु और चंदू देवांगन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख, पार्षद सोनू राजपूत, महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला कामड़े, पार्षद लक्ष्मी नारायण साहू, खूबीराम साहू, सुनीता चंद्राकर, लता सोनवानी, शिव ठाकुर, नगर पंचायत एल्डरमैन शशिकांत वर्मा, भाजयुमो जिला मंत्री हर्ष चंदेल, महामंत्री शुभम वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, पार्षद तथा श्रद्धालु उपस्थित रहे।