दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में शासकीय अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार से धारदार हथियार के बल पर मोबाइल और नगदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 19 अगस्त 2026 की है। आरोपी ने पीड़ित की मोटरसाइकिल के सामने अपनी बुलेट रोककर रास्ता बाधित किया और गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के बाएं हाथ की हथेली में चोट आई।
इसके बाद आरोपी पीड़ित की जेब में रखा मोबाइल फोन और 500 रुपये नगद लूटकर मौके से फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1198/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 309(4) बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने चंद्रा-मौया रामनगर जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी कर सांई प्लास्टिक के पास आरोपी दिलबाग सिंह (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सड़क पर पीड़ित की मोटरसाइकिल के सामने अपनी बुलेट रोककर रास्ता अवरुद्ध किया और धारदार हथियार से हमला करने के बाद मोबाइल व नगदी लूटकर फरार हो गया था।
कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि अजय शंकर अविनासी, गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लूट, मारपीट या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचित करें।