दुर्ग, के नया बस स्टैंड के पास कार में बैठे युवकों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और कटर की नोक पर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी 4 आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें 2 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बोरसी निवासी सूरज साहू अपने साथियों रवि साहू, राहुल साहू और राजा के साथ 18 अगस्त की तड़के करीब 3 से 3:30 बजे नया बस स्टैंड के पास अपनी बलेनो कार में बैठा था। इसी दौरान एक अर्बानिया मिनी बस कार के पास आकर रुकी। बस का दरवाजा जोर से खुलने पर कार में डेंट लग गया।
इस पर कार सवार युवक द्वारा संभलकर दरवाजा खोलने की बात कहने पर बस में सवार आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर गाली-गलौज और मारपीट की, जिसमें रवि साहू और राजा को चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने धारदार कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सैमसंग व आईक्यू मोबाइल लूट लिए। आरोपियों ने कार के कांच भी तोड़ दिए और डैशबोर्ड में रखे 5 हजार रुपए नकद निकालकर अर्बानिया मिनी बस से फरार हो गए।
मामले में पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 470/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोमल निषाद (32 वर्ष) और पूरन निषाद (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल, घटना में प्रयुक्त धारदार कटर और अर्बानिया मिनी बस क्रमांक CG07CY9600 जब्त कर ली है। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है