दुर्ग में सड़क पर अवरोध करने वालों पर कार्रवाई, BNS धारा 152 के तहत 9 के विरुद्ध केस

त्वरित ख़बरें :-अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख मार्गों को अवरोध मुक्त करने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस, थाना सुपेला और थाना छावनी की टीम द्वारा प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान सड़क और सर्विस रोड पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के वाहनों को हटाया जा रहा है। साथ ही नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के सहयोग से दुकानों के सामने सड़क पर रखे सामान और अन्य अतिक्रमण को भी हटाकर सार्वजनिक मार्ग को यातायात के लिए सुगम बनाया जा रहा है।

इसी क्रम में सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में BNS की धारा 152 के तहत 9 व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थानों में कार्रवाई की गई। कार्रवाई में बलविंदर सिंह, शानके श्रीवास्तव, मोईदीन खान, शैलेश कुमार साव, इंदर लाल लहरे और सन्नी कुमार साव सहित ब्रिज के नीचे कंडम वाहन खड़ा कर मार्ग में अवरोध उत्पन्न करने वाले 3 वाहन मालिक शामिल हैं।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क अथवा सर्विस रोड पर वाहन खड़ा न करें और दुकानों के सामने सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है, अतिक्रमण और अवरोध के लिए नहीं। यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।