दुर्ग पुलिस का साइबर जागृति और नशामुक्ति अभियान, नागरिकों ने ली नशामुक्त जीवन की शपथ

त्वरित ख़बरें :-अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग। साइबर अपराधों से बचाव और नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत संयुक्त जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम 18 अगस्त को पुलिस लाइन दुर्ग स्थित प्रशासनिक भवन के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में आयोजित हुआ।

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत कार्यक्रम में नागरिकों को साइबर ठगी से बचने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने के संबंध में जरूरी सावधानियां बताई गईं।

कार्यक्रम में पुलिस द्वारा जारी QR कोड और सेल्फी स्टैंड के माध्यम से नागरिकों को अभियान से जोड़ा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई और साइबर जागरूकता से जुड़े संदेश सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित हुए।

इसी दौरान नशामुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ के छठे वर्ष में प्रवेश के अवसर पर ग्रामीणजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई।

ब्रह्माकुमारी बघेरा से पहुंचीं बी.के. जैतन्या प्रभा ने नशामुक्ति के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “मन के हारे हार, मन के जीते जीत।”

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने भी नशे के कारण परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ब्रह्माकुमारी बी.के. दिलेश्वरी, बी.के. जाकिर, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, उप पुलिस अधीक्षक लाइन दुर्ग, रक्षित निरीक्षक दुर्ग तथा दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।