बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने महिला पर बैटरी केमिकल फेंका, आरोपी गिरफ्तार

त्वरित ख़बरें :-अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास एक महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेश दास (30), निवासी ग्राम कारंजा भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल युक्त डिब्बा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया गई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा। बताया गया कि आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था।

आरोप है कि आरोपी ने अपने साथ लाए टिन के डिब्बे में रखे बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल को महिला के ऊपर छिड़क दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता के उपचार तथा घटना की जानकारी के लिए अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने रातभर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संभावित ठिकानों पर पूछताछ और पतासाजी की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महेश दास को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल युक्त डिब्बा जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी भी विवाद या हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।