बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम रोहरा में ज्वेलर्स संचालक से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोना-चांदी के जेवर लूटने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कौशलेश त्रिपाठी अंतरराज्यीय लूट गिरोह से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, बलवा और चोरी जैसे 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, ₹61,950 नगद और पैन कार्ड बरामद किया है।
ज्वेलर्स संचालक को घेरकर की गई थी लूट
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 22 AG 7852 से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने बलराम सोनी पर हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली। इसके बाद बैग में रखे करीब 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई गई, लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 404/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे चार आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मामले में शामिल कौशलेश त्रिपाठी फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार फरारी के दौरान आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने सीतामढ़ी, कोरबा में दबिश देकर आरोपी कौशलेश त्रिपाठी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कौशलेश त्रिपाठी, पिता देवमणी, उम्र 55 वर्ष, ग्राम डेरावारी, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी है। वर्तमान में वह गुलाब नगर, श्री पार्क, जामनगर, गुजरात में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, डकैती और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पिस्टल और जिंदा कारतूस सहित सामान जब्त
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने निम्न सामग्री बरामद की है—
एक पुरानी पिस्टल, जिसकी मैगजीन में 2 जिंदा कारतूस मिले।
3 मोबाइल फोन
₹61,950 नगद
आरोपी का पैन कार्ड
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में इस लूटकांड में कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।