नक्सल ऑपरेशन में अदम्य साहस और वीरता के लिए 26 जनवरी 2027 को मिलेगा सम्मान
दुर्ग। STF बघेरा, दुर्ग में उप पुलिस अधीक्षक एवं नक्सल ऑपरेशन प्रभारी के पद पर पदस्थ श्री महंत कुमार सिंह को उनके अदम्य साहस, वीरता, निर्भीकता और बहादुरी के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किए जाने हेतु चयनित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 26 जनवरी 2027 को प्रदान किया जाएगा।
श्री महंत कुमार सिंह ने अपने पुलिस सेवा के अधिकांश कार्यकाल में नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में नक्सल ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अनेक नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व करते हुए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में कई ऑपरेशन सफल रहे हैं।
उनकी उत्कृष्ट एवं साहसिक सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2024 में डीजी, सीआरपीएफ द्वारा डिस्क पदक तथा केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा दक्षता पदक से भी अलंकृत किया जा चुका है।
श्री महंत कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ पुलिस के सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक श्री रवि प्रताप सिंह के दामाद हैं। श्री रवि प्रताप सिंह को भी उनकी उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए राष्ट्रपति सराहनीय सेवा पदक एवं विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। वे छत्तीसगढ़ पुलिस के योग्य एवं काबिल अधिकारियों में गिने जाते हैं।
श्री महंत कुमार सिंह के राष्ट्रपति वीरता पदक के लिए चयन से पुलिस विभाग के साथ-साथ उनके परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि नक्सल विरोधी अभियानों में समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण मानी जा रही है।