राजनांदगांव। राजनांदगांव क्रिकेट एकेडमी के होनहार खिलाड़ी विजेन्द्र यादव का चयन अंडर-14 स्टेट टीम में हुआ है। विजेन्द्र के चयन पर क्रिकेट एकेडमी परिवार और जिला क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों एवं कोचों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
26वीं राज्य स्तरीय शाला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 21 अगस्त तक गोरेला-पेंड्रा-मरवाही में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विजेन्द्र यादव अंडर-14 वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सुबह-शाम कर रहे क्रिकेट की तैयारी
विजेन्द्र यादव नियमित रूप से क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह सुबह 7:30 से 10:30 बजे तक और शाम 3:00 से 6:30 बजे तक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। उन्हें संदीप शुक्ले के मार्गदर्शन में साहू सदन, सरकारी अस्पताल के पास क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।
विजेन्द्र गायत्री विद्यापीठ में कक्षा आठवीं के छात्र हैं। कम उम्र में ही क्रिकेट के प्रति उनकी मेहनत और लगन का परिणाम अब स्टेट टीम में चयन के रूप में सामने आया है।
एकेडमी परिवार ने दी शुभकामनाएं
विजेन्द्र यादव के चयन पर उनके पिता नन्दलाल यादव सहित राजनांदगांव क्रिकेट एकेडमी परिवार ने खुशी जताई। एकेडमी के कोषाध्यक्ष अनन्य देवांगन, महेश साहू, रणजी एवं आईपीएल खिलाड़ी अजय मंडल, विनोद भावे, अन्तु करान्उे, अम्लाडीह पूर्व महिला शोभा चोपड़ा, मनोज साहू और सहायक कोच जोई थामस ने विजेन्द्र को शुभकामनाएं दीं।
वहीं ICA कोच संतोष यादव और जिला क्रिकेट से जुड़े सभी कोचों ने भी विजेन्द्र के चयन पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजनांदगांव क्रिकेट एकेडमी के हेड कोच संदीप शुक्ले ने भी विजेन्द्र को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजेन्द्र आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राजनांदगांव और अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे।