दुर्ग। दुर्ग के इंदिरा मार्केट में प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार नकली सिगरेट बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 7 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट क्षेत्र में कुछ लोग प्रीमियम ब्रांड की सिगरेट के नाम पर नकली सिगरेट की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सिगरेट बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, जब्त सिगरेट अलग-अलग प्रीमियम ब्रांड के नाम और पैकिंग में रखी गई थीं। प्रथम दृष्टया इनके नकली होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने सिगरेट को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली सिगरेट की खेप उन्हें कहां से मिली और इसे शहर के किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब नकली सिगरेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई से इंदिरा मार्केट क्षेत्र में नकली तंबाकू उत्पाद बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।