दुर्ग में भाई ने की भाई की हत्या, चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग। साईनगर बघेरा में चॉइस सेंटर के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र देवांगन को हिरासत में लिया है। मामले में अपराध क्रमांक 442/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेन्द्र देवांगन और मृतक कैलाश देवांगन सगे भाई थे। दोनों मिलकर चॉइस सेंटर का संचालन करते थे। पुराने चॉइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद को लेकर हिसाब-किताब के दौरान दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपी देवेन्द्र देवांगन ने अपने छोटे भाई कैलाश देवांगन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में कैलाश को गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।