राजनांदगांव में 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू, 13 अगस्त तक भिड़ेंगे अंडर-19 खिलाड़ी

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

राजनांदगांव, के दिग्विजय स्टेडियम में 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 का शुभारंभ किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। यह टूर्नामेंट 9 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती सहित कई खेलों में प्रतिभाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि राजनांदगांव को खेल नगरी के रूप में और अधिक विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ-साथ खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी लगन और मेहनत से खेलते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका उपयोग खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।