भिलाई में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले के भिलाई में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर और एक महिला दलाल सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराया जाता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नगद, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज जप्त किए हैं। जप्त मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है।

जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर के मैनेजर द्वारा इस गतिविधि का संचालन किया जा रहा था, जबकि महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था। पुलिस ने मौके से ग्राहकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों की मौजूदगी की भी जानकारी दी है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थानों में किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

इस कार्रवाई में थाना सुपेला और चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्पा सेंटर में दबिश दी और मामले से संबंधित सामग्री व दस्तावेज जप्त किए।