दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 200 गुम मोबाइल बरामद, 60 लाख की संपत्ति लौटाई

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग।  पुलिस की सोशल पुलिसिंग पहल एक बार फिर आम नागरिकों के लिए भरोसे की मिसाल बनी है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए गए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए। इस दौरान मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने दुर्ग पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की मेहनत से उनकी महत्वपूर्ण संपत्ति उन्हें फिर से मिल गई।

दुर्ग पुलिस की साइबर सेल और जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से तकनीकी विश्लेषण, CEIR पोर्टल, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के सहयोग और अंतरराज्यीय समन्वय के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रैक कर सुरक्षित बरामद किए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि यह अभियान केवल गुम मोबाइल बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना, साइबर सेल या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक, पासवर्ड और बायोमेट्रिक सुरक्षा जैसी सुविधाओं का उपयोग अवश्य करें।