*• NAFIS तकनीक से हाईटेक होगी बेमेतरा पुलिस, फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित।*
*• आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका – एसपी बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (IPS)।*
*• NAFIS प्रणाली के माध्यम से फिंगरप्रिंट का ऑनलाइन संग्रहण एवं त्वरित मिलान होगा संभव।*
-----------------------------------
*बेमेतरा, 29 जुलाई 2026:-* पुलिस मुख्यालय नया रायपुर के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में पुलिस कार्यालय बेमेतरा के सभागार में एक दिवसीय फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी थानों से आए अधिकारी-कर्मचारियों एवं कोर्ट मोहर्रिरों को फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार भारती ने आधुनिक फिंगरप्रिंट तकनीक एवं NAFIS (National Automatic Fingerprint Identification System) के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
*प्रशिक्षण के दौरान* गिरफ्तार व्यक्तियों, संदेहियों एवं निगरानी बदमाशों के दोनों हाथों के फिंगरप्रिंट वैज्ञानिक तरीके से लेने, घटनास्थल से फिंगरप्रिंट साक्ष्य सुरक्षित रखने, अज्ञात मृतकों के चर्म-पोर संरक्षित करने तथा NAFIS प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन फिंगरप्रिंट संग्रहण एवं त्वरित मिलान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बताया गया कि पहले फिंगरप्रिंट का मिलान मैनुअल तरीके से होता था, जिससे अधिक समय लगता था, जबकि अब NAFIS तकनीक के जरिए आरोपियों की पहचान तेजी और सटीकता से संभव होगी।
*कार्यशाला में विशेषज्ञ ने* अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए क्राइम सीन पर फिंगरप्रिंट साक्ष्य को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए, जिससे विवेचना को अधिक प्रभावी बनाकर पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।
*इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने* अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर उपलब्ध फिंगरप्रिंट साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों की पहचान और अपराधों के खुलासे में तेजी लाई जा सके।
*प्रशिक्षण कार्यशाला में* डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा एवं प्रधान आरक्षक रविन्द्र तिवारी, पंकज सिंह, दीनानाथ वर्मा, दुर्गेश तिवारी, आरक्षक महेन्द्र कुमार सोनवानी, सनत आडिल, भीखम ठाकुर, राजू धीवर, छोटूराम टेम्बुकर, दिनेश नेताम, रतन श्रीवास, रविकांत चंद्रवंशी, डामन धीवर, संजय भगत, पूना सिंह, भूषण ठाकुर, कमलेश ध्रुर्वे, मनीष सिंह राजपूत, गितेश साहू, देव भूषण कांगरे, नेफीस शाखा से आरक्षक ताम्रध्वज चतुर्वेदी सहित जिले के समस्त थानों एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।