स्कूल में छात्राओं के बेहोश होने से मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती...

त्वरित खबरें :-अमित यादव रिपोर्टिंग

बालोद। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोलझर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी छात्राओं को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।

स्कूल में अचानक बिगड़ी छात्राओं की तबीयत

जानकारी के अनुसार, बुधवार को कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गई। उसकी सांसें तेज चलने लगीं और वह छटपटाने लगी। शिक्षकों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी।

कुछ ही देर बाद युहाना कोमरे, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका तथा कक्षा 9वीं की छात्रा नितेश्वरी ने भी चक्कर, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की और एक-एक कर बेहोश होकर गिर पड़ीं। इससे पूरे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

एक छात्रा की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

हालात बिगड़ने पर युहाना, लिलिमा चंद्रवंशी और तिजिया यादव को प्राथमिक उपचार के लिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के दौरान युहाना चंद्रवंशी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया।

वहीं दो छात्राओं की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि भूमिका और नितेश्वरी का इलाज घर पर ही कराया गया।

भूखे पेट स्कूल आने की आशंका

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह पर्याप्त भोजन किए बिना स्कूल पहुंची थीं, जिसके कारण कमजोरी और चक्कर आने की संभावना है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

पिछले साल भी सामने आया था ऐसा मामला

परिजनों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आई थी। ऐसे में एक बार फिर कई छात्राओं के एक साथ बेहोश होने की घटना ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।