दुर्ग में बेखौफ चोरों का आतंक, दिनदहाड़े कार से 4.90 लाख उड़ाए; CCTV में दिखा संदिग्ध...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी की कार को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

CCTV में बाइक सवार संदिग्ध नजर आया

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी पहचान करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी।

फैक्ट्री संचालक हैं कारोबारी

पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी ‘देव एग्रो इंडस्ट्रीज’ फैक्ट्री के संचालक हैं। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से 4 लाख 90 हजार रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। यह रकम एक पार्टी को भुगतान करने के लिए ले जाई जा रही थी।

उन्होंने पूरी रकम को काले रंग के बैग में रखा था। इसके बाद वे कार से पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने पहुंचे और कार को लॉक कर पार्क कर दिया।

दूसरी बाइक से गए थे दुकान

कार पार्क करने के बाद प्रमोद महेश्वरी अपनी दूसरी बाइक से नया पारा, दुर्ग स्थित अपने मित्र रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। वहां से निकलने के बाद वे इंदिरा मार्केट की एक दुकान में चाय पीने के लिए रुके।

इसी दौरान उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया। उन्होंने प्रमोद को बताया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है।

मौके पर पहुंचने पर खुला चोरी का राज

सूचना मिलते ही प्रमोद तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा नकदी से भरा बैग गायब था।

इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलगांव थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले से रेकी करने की आशंका

पुलिस जांच में सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की जानकारी पहले से हो सकती है। इसी एंगल से भी पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।