1007.51 क्विंटल चावल की भारी कमी, शासकीय राशन दुकान के संचालक पर FIR, गिरफ्तारी..

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले के भिलाई नगर स्थित सेक्टर-07 मार्केट की शासकीय उचित मूल्य दुकान में बड़े स्तर पर अनियमितता का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दुकान के संचालक/अध्यक्ष धनंजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

जांच के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर मौजूद खाद्यान्न का मिलान किया गया, जिसमें 1007.51 क्विंटल अरवा चावल की भारी कमी पाई गई। रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 1034.01 क्विंटल चावल उपलब्ध होना चाहिए था, लेकिन मौके पर केवल 26.50 क्विंटल चावल मिला। इसके अलावा स्टॉक पंजी भी जांच टीम को उपलब्ध नहीं कराई गई।

खाद्य विभाग की जांच में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद थाना भिलाई नगर में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच, साक्ष्य संकलन और पूछताछ के बाद आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।

प्राथमिक जांच के अनुसार शासकीय राशन दुकान के ऑनलाइन स्टॉक और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया, जिससे खाद्यान्न के रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी राशन की कालाबाजारी, कम वितरण या सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या खाद्य विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।