भिलाई में दुकान का शटर तोड़ 60 हजार की चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई ,के कोहका स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई चोरी की वारदात का दुर्ग पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मामले में आरोपी शक्ति सिंह (27) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी में से 8,950 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शांतिनगर निवासी सुमंत कुमार मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पी. मिश्रा एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान (कुरूद रोड, कोहका) का शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब 60 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली गई। घटना 18 जुलाई की रात की है, जिसकी जानकारी अगले दिन दुकान खोलने पर मिली।

शिकायत के आधार पर सुपेला थाना की स्मृतिनगर चौकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान कर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी में से 8,950 रुपये बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगदी लेकर फरार हो गया था।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।