भारत व्यापार महोत्सव 2026: छत्तीसगढ़ के व्यापारियों में उत्साह, शुरू हुआ पंजीयन...

त्वरित खबरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। देश के सबसे बड़े बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजनों में शामिल भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए छत्तीसगढ़ में भी पंजीयन शुरू हो गया है। यह महोत्सव 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित होगा। आयोजन में शामिल होने के लिए राज्य के व्यापारी, उद्यमी, एमएसएमई, स्टार्टअप और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराना शुरू कर दिया है।

आयोजकों के अनुसार, भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्देश्य देशभर के व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, उद्योग संगठनों और खरीदारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से नए व्यापारिक संबंध, निवेश के अवसर और बाजार विस्तार की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही "मेक इन इंडिया", "वोकल फॉर लोकल" और "लोकल फॉर ग्लोबल" जैसे अभियानों को भी मजबूती मिलेगी।

बताया गया है कि महोत्सव में देशभर से हजारों प्रदर्शक, लाखों आगंतुक और बड़ी संख्या में व्यापार प्रतिनिधि शामिल होंगे। विभिन्न उद्योगों, हस्तशिल्प, विनिर्माण, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों व सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के व्यापारिक संगठनों ने भी व्यापारियों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि वे इस राष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर नए खरीदारों व व्यापारिक साझेदारों से जुड़ सकें। राज्य के कई व्यापारियों ने पहले ही अपना पंजीयन करा लिया है और अन्य व्यापारी भी लगातार आवेदन कर रहे हैं।