दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान तथा पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, वारदात के समय पहने गए कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को भगवंतीन साहू मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान बाद में भगवंतीन साहू के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी घटना वाले दिन शराब के नशे में थे। उन्होंने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने कथित तौर पर पहले गमछे से उसका गला दबाया और फिर बड़े बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और अपने कपड़े बदलकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।