भिलाई में एकतरफा प्यार बना हत्या की वजह: युवती की हत्या करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग, 11 जुलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका खुशी साहू की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी वार्ड क्रमांक 12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत से इंकार किए जाने पर उसने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर अपने साथ धारदार हथियार लाया। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट पहन रखी थी और पैंट के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था। कमरे में विवाद होने के दौरान उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।