भिलाई में पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला: हत्या के प्रयास के 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; बेसबॉल डंडे और धारदार हथियार से किया था हमला

त्वरित ख़बरें:अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार निवासी योगेश सूर्यवंशी (32) सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली डीपीएस चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर आए आरोपियों ने पहले बेसबॉल डंडे से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद बाइक के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें गिरा दिया और धारदार हथियार व डंडे से जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।


पीड़ित की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 3(5) में मामला दर्ज कर त्वरित विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर हरीश यादव और अमन मूर्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


पुलिस ने बताया कि घटना का कारण पुरानी आपसी रंजिश है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून सम्मत तरीके से करें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी