रायपुर। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹1 लाख कीमत की चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी सौरभ सिंह ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई 2026 की रात उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल घर के नीचे पार्क की थी, जिसे 3 जुलाई की सुबह अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। इस मामले में थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी तरह अमलीडीह तालाब स्थित शीतला मंदिर के पास खड़ी रोहित कुमार रजक की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी अज्ञात चोर ने चोरी कर ली थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 228/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने निरमलेश तिवारी (33) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने दोनों बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस (CG 27 S 9375) और सुपर स्प्लेंडर (CG 25 Q 3513) मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। दोनों वाहनों की कुल कीमत लगभग ₹1 लाख बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी निरमलेश तिवारी, पिता हरिशंकर तिवारी, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम डोल, थाना हनुमना, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है। वर्तमान में वह अमलीडीह सिंधु वाटिका, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।