भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों और 4 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की और नकदी, मोबाइल, स्कूटी, चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने लूटा गया सामान बरामद कर लिया है, जबकि मामले में 2 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के डौंडी निवासी पीड़ित अपने रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। 2 जुलाई की सुबह गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। मदद मांगने पर कुछ युवकों ने स्कूटी चोरी की होने का शक जताया और अपने साथियों को बुलाकर दोनों का जबरन अपहरण कर लिया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की गई।
आरोपियों ने पीड़ित से चांदी की अंगूठियां, ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल सामान लूट लिया। साथ ही धमकाकर डिजिटल पेमेंट के माध्यम से ₹18,180 भी जबरन ट्रांसफर करा लिए। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल ₹87,180 की लूट की गई। बाद में पीड़ित को पुलगांव क्षेत्र ले जाकर हथियार दिखाकर धमकाया गया और शिकायत नहीं करने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया गया।
थाना सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।