भिलाई में नशीली दवाओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 840 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नेहरू नगर भिलाई चौक फ्लाईओवर के नीचे प्रतिबंधित नशीली दवा बेच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 840 अल्प्राजोलम (Alprazolam 0.5 mg) टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और बिक्री से प्राप्त 1,600 रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर फ्लाईओवर के नीचे तीन युवक प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 56 स्ट्रिप में रखी कुल 840 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुई। साथ ही तीन मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अमन रक्सेल (23), अमर साहू (24) और पंकज उर्फ भक्का विश्वकर्मा (21) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना सुपेला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 8(क) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।