दुर्ग, पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा सप्लाई करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय टिकनु नायक निवासी इंदिरा कॉलोनी, पोटिया रोड, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम के रूप में 5 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाना कुम्हारी क्षेत्र के कुकदा रोड स्थित सार्थक होम के सामने बिजली ट्रांसफार्मर के पास दो युवकों को अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
प्रकरण की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने गांजा टिकनु नायक से खरीदा था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने लगातार तलाश के बाद 6 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये की बिक्री रकम भी जब्त की है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।