रायपुर में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार: 5 चोरी की बाइक बरामद, 2 लाख रुपये का मशरूका जब्त

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर, पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

मामला उरला थाना क्षेत्र का है, जहां पेट्रोल पंप कर्मचारी देवेंद्र साहू ने अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना उरला की टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्धों पर नजर रखी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अभय दुबे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पहले एक बाइक चोरी करना स्वीकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने शहर के अलग-अलग इलाकों से चार अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी कबूल कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

रायपुर पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।