रायपुर ,नगर निगम के जोन क्रमांक-10 ने जनशिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अमलीडीह क्षेत्र में जाम नाली की समस्या का समाधान कर दिया। जोन-10 स्वास्थ्य विभाग ने जेटिंग मशीन की मदद से मुख्य मार्ग पर जाम पड़े लंबे पाइप की मैकेनिकल सफाई कर गंदे पानी की सुचारु निकासी सुनिश्चित की।
नगर निगम के अनुसार, अमलीडीह बस्ती के पास लास विस्टा के आगे मुख्य मार्ग पर मुक्तिधाम की ओर जाने वाली नाली के मोड़ पर पाइप जाम होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो गई थी। इससे क्षेत्र में गंदे पानी का जमाव होने लगा था, जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने निगम से की थी।
जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए निगम की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने जेटिंग मशीन के माध्यम से नाली और जाम पाइप की मैकेनिकल सफाई की, जिससे गंदे पानी की निकासी फिर से सुचारु हो गई और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो गई।
नगर निगम ने बताया कि जनशिकायत प्राप्त होते ही जोन स्तर पर तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया गया। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जल निकासी से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते उसका निराकरण किया जा सके।