रायपुर, पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी पार्षद के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, आजाद चौक निवासी एवं वार्ड क्रमांक 37 के पार्षद दीपक जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम से जारी लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायत में बताया गया कि मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में फर्जी तरीके से नगर निगम से संबंधित दस्तावेज तैयार कर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आर्यन च्वॉइस सेंटर पर छापा मारा। पूछताछ में संचालक विपीन केशरी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत उपयोग कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त कर ली।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।