भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप लोहा चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; एक की तलाश जारी

त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग, जिले के भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक मोबाइल फोन सहित कुल 52,500 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की भिलाई इस्पात संयंत्र इकाई ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 जून की रात करीब 8 बजे केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति लगभग 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन चोरी कर ले जा रहे थे। सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी के पीछे बैठा एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी सोनू नायक ने अपने साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की दीवार फांदकर परिसर में घुसकर स्क्रैप लोहा चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का स्क्रैप, स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र दीप उर्फ पुष्पा को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।