दुर्ग में अवैध शराब पर पुलिस का एक्शन, 30 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

त्वरित खबरें : अमित रिपोर्टिंग

दुर्ग, जिले के उतई थाना पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब (5.4 बल्क लीटर) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹3,000 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उतई क्षेत्र में बिजली कार्यालय के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना उतई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवराज यादव उर्फ छोटू (39 वर्ष) निवासी मीलपारा, उतई बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे प्लास्टिक के थैले से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अधिक आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक राजेश साहू, सउनि मदनलाल साहू सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।