दुर्ग पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 28 जून से 30 जून 2026 तक विशेष रात्रिकालीन अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौक-चौराहों, बाजारों, होटल-ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच की गई। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी, गुंडागर्दी और बदमाशी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए कुल 21 लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की। वहीं अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाकर लोगों में भय और अशांति का माहौल बनाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
थानावार कार्रवाई में जामुल, मोहन नगर और नेवई थाना क्षेत्र से 5-5, उतई से 3, सुपेला से 2 तथा बोरी थाना क्षेत्र से 1 व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 21 मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।