पुलिस की कार्रवाई: 62 पौवा अवैध शराब और स्कूटी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

त्वरित ख़बरें:अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 62 पौवा देशी मसाला शराब, एक स्कूटी और शराब बिक्री की नकदी जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।


पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर उतई-उमरपोटी रोड स्थित तालाब किनारे दबिश दी गई। यहां स्कूटी क्रमांक CG 07 BE 5269 से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे शत्रुहन यादव (40), निवासी ग्राम सेलूद, को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से 32 पौवा देशी मसाला शोले शराब, बिक्री की नगदी राशि और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई।


इसके बाद पुलिस ने उतई बायपास रोड स्थित मोहर पेड़ के नीचे कार्रवाई करते हुए घनश्याम जांगड़े (61), निवासी सतनामी पारा, चुनकट्टा, को गिरफ्तार किया। आरोपी शराब बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शोले शराब और बिक्री की 120 रुपये नकद राशि बरामद की गई।


दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 326/2026 एवं 327/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे। इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, उपनिरीक्षक नरेंद्र सोनी, मदनलाल साहू तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।