दुर्ग पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया अज्ञात युवक की हत्या का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

त्वरित ख़बरें:अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने ग्राम डूमर में पानी टंकी के पास मिले एक अज्ञात युवक की हत्या की गुत्थी महज छह घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्बल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी तालाब से बरामद कर जब्त किए हैं।


पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ग्राम पथरिया निवासी 18 वर्षीय चेतन ठाकुर के रूप में की।


मामले में तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल निरीक्षण, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छह घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे घटना की रात साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुए विवाद में रात करीब एक बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।


घटना के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल और अपने पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया था। पूछताछ में आरोप स्वीकार करने के बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की सहायता से तालाब से सब्बल और कपड़े बरामद कर जब्त किए गए।


पुलिस ने मामले में सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22) और राहुल कुर्रे (22), दोनों निवासी ग्राम डूमर, को गिरफ्तार कर हत्या के अपराध में वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।


पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण शराब पीने के दौरान हुआ आपसी विवाद था। मामले के खुलासे और साक्ष्य बरामद करने में नंदिनी नगर थाना पुलिस तथा एसडीआरएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने लोगों से किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।