मोहर्रम पर दुर्ग पुलिस का हाई अलर्ट: जिलेभर में 620 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगभग 620 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) और एसडीओपी स्तर के अधिकारी स्वयं कर रहे हैं।

मोहर्रम की दसवीं तारीख पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को देखते हुए जिले के प्रमुख जुलूस मार्गों, करबला मैदान, पावर हाउस चौक, सुपेला चौक, बीएसएनएल चौक, 2.5 मिलियन चौक, जामा मस्जिद क्षेत्र, पुरानी भिलाई, दुर्ग शहर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रत्येक प्रमुख स्थल पर राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभारी बनाकर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कराई जा रही है।

जुलूसों के दौरान पुलिस बल को आगे, पीछे और दोनों ओर तैनात किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण उपकरण, टियर गैस पार्टी और अन्य आवश्यक संसाधनों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

पुलिस ने जिले के संवेदनशील और पूर्व में विवादित रहे क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन, पार्किंग और मार्ग नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की है। जुलूस मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया गया है तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पूरे आयोजन की निगरानी वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर कर रहे हैं। सभी थाना क्षेत्रों में वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही आसूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजने की व्यवस्था भी की गई है।

दुर्ग पुलिस ने जिलेवासियों, ताजिया समितियों, जनप्रतिनिधियों और सभी धर्मगुरुओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी से सामाजिक सौहार्द, शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।