दुर्ग में रेलवे किनारे कार्रवाई, 4 दुकानें हटाईं, 33 मामलों में स्टे

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। रेलवे लाइन किनारे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईकोर्ट के आदेश के बाद चार दुकानों को हटाया गया है। यह कार्रवाई दुर्ग क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को लेकर की गई।

जानकारी के अनुसार, रेलवे और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान चार दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हल्का तनाव और विरोध की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में की गई है। रेलवे भूमि पर वर्षों से कब्जा कर बनाई गई दुकानों को पहले नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद निर्धारित समयसीमा समाप्त होने पर यह कार्रवाई की गई।

वहीं दूसरी ओर, इसी क्षेत्र से जुड़े 33 अन्य मामलों में प्रभावित लोगों को हाईकोर्ट से स्टे मिल जाने के कारण फिलहाल उनके खिलाफ कार्रवाई रोक दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मामलों में स्टे आदेश हैं, वहां कोर्ट के अगले निर्देश तक कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे रेलवे या सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।