नगर निगम का सख्त अभियान: 10 साल का लंबित संपत्तिकर वसूला, एक दिन में जुटाए 1 करोड़ से ज्यादा

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व वसूली अभियान को तेज कर दिया है। निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर 17 जून को राजस्व विभाग की टीमों ने शहरभर में विशेष अभियान चलाकर एक ही दिन में 1 करोड़ 6 लाख 63 हजार 190 रुपये की रिकॉर्ड राजस्व वसूली की।

इस अभियान में नगर निगम के सभी जोनों की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सबसे बेहतर प्रदर्शन जोन-5 ने किया, जहां राजस्व विभाग की टीम ने दिनभर की मेहनत से 34 लाख 94 हजार 756 रुपये की वसूली की।

वहीं, नगर निगम के जोन-4 ने बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक-44 में एक बड़े बकायेदार को अंतिम नोटिस जारी करने के बाद उसकी संपत्ति को सील करने की कार्रवाई शुरू की। निगम की इस सख्ती का असर तुरंत देखने को मिला और संबंधित बकायेदार ने मौके पर ही पिछले 10 वर्षों से लंबित 2 लाख 69 हजार 122 रुपये का संपत्तिकर जमा कर दिया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जिन संपत्ति मालिकों ने अब तक कर जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ नोटिस, कुर्की और सीलबंदी जैसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह बेहद जरूरी है और करदाताओं को समय पर कर जमा कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने राजस्व विभाग की टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी दिनों में भी वसूली अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जबकि नियमित रूप से कर जमा करने वाले नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रतिबद्ध है।