राजनांदगांव। महर्षि वाग्भट्ट गौ संवर्धन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा अमृत उद्यान मुक्तिधाम, ढाबा रोड मोतीपुर स्थित शिक्षा संस्कार पाठशाला में आयोजित ग्रीष्मकालीन भविष्य निर्माण मार्गदर्शन शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 1 मई से 14 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मधुसूदन यादव शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सुबह की ताजी हवा और सकारात्मक वातावरण में योग, प्राणायाम एवं खेलकूद जैसी गतिविधियां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बच्चों से अच्छी आदतों को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। इस प्रकार के शिविर बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम को कल्याणिका देवस्थानम के प्रबंधक सन्यासी किशोरी लाल लाट ने भी संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया।
संस्थान के सदस्य धर्मराज यादव ने बताया कि शिविर में बच्चों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, भारतीय संस्कृति में गाय की महत्ता, धर्म और अध्यात्म से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।
शिविर में बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। शिक्षक हेमंत मानिकपुरी ने प्राचीन गुरुकुलीय परंपरा की तर्ज पर पेड़ों की छांव में बच्चों को व्यक्तित्व विकास, करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास बढ़ाने संबंधी मार्गदर्शन दिया। साथ ही अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान और अन्य विषयों की जानकारी सरल, रोचक और व्यवहारिक तरीके से प्रदान की गई।
समापन अवसर पर शिवशक्ति सार्वजनिक धर्मार्थ सेवा समिति, दीनदयाल कॉलोनी चिखली की ओर से बच्चों को स्टील की पानी की बोतल, कॉपी, पेन सहित अन्य पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर पार्षद मनोहर यादव, उमाशंकर साहू, शेखर ठाकुर, अभिषेक दुबे, गोविंद साहू, विजय पटेल, पुष्पक किसान, अवनी बघेल, दरवेश कमड़े, जीआर देवांगन, जीएस ठाकुर, मनहरण देवांगन, रमेश इंगले, डीएस ठाकुर, प्रकाश बिछिया, धर्मेंद्र साहू, कराते प्रशिक्षक कमल पूजन, काजल यादव, आदित्य देवांगन, लवयांश लहरी, प्रहलाद साहू, पुरुषोत्तम देवांगन, हेमंत मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे।