योग दिवस की तैयारियां तेज: दुर्ग प्रशासन ने अधिकारियों को बांटी जिम्मेदारी, सुबह 7 बजे शुरू होगा कार्यक्रम

त्वरित खबरे : सौरभ

दुर्ग में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य ‘योग संगम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस वर्ष ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन मालवीय नगर चौक स्थित खालसा पब्लिक स्कूल परिसर में सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक किया जाएगा।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम के सुचारू संचालन के निर्देश दिए हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरवंश सिंह मिरी को कानून-व्यवस्था, कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारी तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।

नगर पालिक निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल को आयोजन स्थल की साफ-सफाई, टेंट, दरी, गद्दे, शौचालय, माइक, वीडियो और फोटोग्राफी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा को स्कूलों, कॉलेजों, स्काउट-गाइड और एनएसएस के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ योग प्रशिक्षकों और उद्घोषक की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण और आमंत्रण पत्र छपाई, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी और बाल आश्रमों से जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।

इसके अलावा, प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक नाश्ते, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, जनप्रतिनिधियों के स्वागत, प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य योग के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का बड़ा मंच बनेगा।