ब्रज में गृह मंत्री अमित शाह का वोट यात्रा ,

त्वरित ख़बरें - अखिलेश के हाथ में शासन होगा तो गुंडों का राज होगा, माफियाओं पर एक्शन से उनके पेट में दर्द होता है

गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को वृंदावन पहुंचे और सबसे पहले बांके बिहारी जी के दर्शन किए। दर्शन के बाद मथुरा पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कहा- मैं यहां 2022 के चुनाव में जिताने की अपील करने आया हूं। कोरोना के कारण प्रोटोकाल है। इसलिए हमने तय किया है कि हम इस बार छोटी--छोटी बैठकों से लोगों तक पहुंचे। देश दुनिया में समर्पण भाव के लिए ब्रज जाना जाता है। राधा के कृष्ण के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है। इसी भूमि पर अत्याचार करने वाले कंस का वध भी हुआ है। शाह ने कहा कि मथुरा की दिव्यता भव्यता लौटाना और उसको आधुनिक तीर्थ स्थान बनाना भाजपा का ध्येय है। 5 साल में इस पर बहुत काम हुए। यूपी के चुनाव को विधायक का चुनाव मत समझिए। ये चुनाव भारत के भाग्य का निर्माण करने वाला है।

अखिलेश पर हमला बोलते हुए सवाल पूछा - राजनीति के अंदर जातिवाद और परिवारवाद होना चाहिए क्या? कहा- पहले की सरकारें जातिवाद के आधार पर चली। भ्रष्टाचार का विकास हुआ। योगी जी की सरकार में राहुल बाबा भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकते। हमने पारदर्शी सरकार देने का काम किया है।

  • शाह ने कहा कि पहले बाहुबली से पुलिस डरती थी, अब वे सरेंडर कर रहे हैं। आजम और मुख्तार जैसे माफियाओं पर गाज गिरती है, अखिलेश के पेट में दर्द होता है। 2 हजार करोड़ की संपत्ति जो माफियाओं ने हड़प रखी थी, योगी सरकार ने उसे खाली कराया है।
  • अखिलेश कानून व्यवस्था का सवाल उठाते हैं, अखिलेश चुल्लू भर पानी में डूब मरो। यूपी में हत्या, अपहरण, लूट के मामलों में बड़ी कमी हुई है। मैं पूरा रिकॉर्ड लेकर आया हूं।
  • एक बार और मौका दे दो, हम यूपी को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बना देंगे। पिछली सरकारों में सरकारी खजाना खाली था।
  • 100 रुपए की मटकी को टकोरा लगाकर लेते हैं। यदि 5 साल की सरकार के लिए वोट देते समय टकोरा लगाओगे तो जवाब भाजपा की सरकार का होगा।
  • पहले बिजली नहीं आती थी, अब 24 घंटे मिल रही है।
  • हमने गुंडाराज से मुक्त, दंगों से मुक्त सरकार दी है। शासन अखिलेश के हाथ में होगा तो गुंडों का राज होगा।
  • हमने धारा 370 को उखाड़कर फेंक दिया। आज कश्मीर भारत माता का मुकूट बना।
  • मित्रों पहले देश की सुरक्षा को कांग्रेस, सपा ताक पर रखते थे। सपा नेता ने कहा-बॉर्डर पर फेंसिंग की क्या जरूरत?
  • एक जमाना था हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। मोदी जी की सरकार ने आतंकियों के सफाए का काम किया।
  • सिर्फ भाजपा देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
  • हमें तय करना पड़ेगा कि हमें व्यक्ति को चुनना है या देश को?
  • हमारी झोली कमल के फूलों से भर दीजिए, हमारा वादा है कि उत्तरप्रदेश को सुरक्षित और विकसित बनाएंगे।

शाह के पहुंचने से पहले मंदिर के पुजारियों का कोरोना टेस्ट किया गया था। सभी पुजारियों की रिपोर्ट नेगेटिव है। यहां से शाह मथुरा जाएंगे। यहां वे प्रबुद्ध वर्ग और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

पहली बार मथुरा आए शाह

बांकेबिहारी के दर्शन कर शाह मथुरा के लिए रवाना हो गए हैं। यहां वे श्रीजी बाबा विद्यालय में प्रभावी मतदाताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद शाह पहली बार मथुरा आए हैं।

शाह मथुरा में 330 प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। उनसे मिलने के लिए 330 लोगों की सूची बनाई गई है। इसमें 49 डॉक्टर, 85 व्यापारी और 65 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा वकील भी शाह से संवाद करेंगे। मथुरा में बैठक के बाद अमित शाह 27 जनवरी को ग्रेटर नोएडा के एक गांव में डोर-टू-डोर कैंपेन करेंगे।

सहारनपुर में 31 जनवरी को मां शाकंभरी देवी का आशीर्वाद लेंगे शाह

अमित शाह 31 जनवरी को सहारनपुर में रहेंगे। सहारनपुर में चुनाव प्रचार का शुभारंभ वह बेहट विधानसभा में मां शाकंभरी देवी का आशीर्वाद लेकर करेंगे। इसके बाद घर-घर प्रचार कर भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। शाह बेहट, देहात और नगर विधानसभा में डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे और लोगों से मिलेंगे। इसके बाद सरसावा कस्बे में पहुंचकर चुनावी माहौल  तैयार करेंगे |