छत्तीसगढ़ में वन्य जीवों के शिकार के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे

त्वरित ख़बरें - गोमर्डा अभ्यारण्य में कुत्तों ने साही को दौड़ाकर घायल किया फिर तस्करों ने उसे मार दिया; 1 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में वन्य जीवों के शिकार के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। तस्कर शिकार के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला रायगढ़ का है। यहां तस्करों ने शिकार के लिए पालतू कुत्तों का सहारा लिया। पहले कुत्तों को वन्य जीवों के पीछे छोड़ देते, जब वह हमले में घायल हो जाते तो उनका शिकार करते। वन विभाग की टीम ने एक शिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को मंगलवार रात गोमर्डा अभ्यारण्य के बरमकेला बारादावन क्षेत्र में शिकार करने की जानकारी मिली थी। इस पर DFO प्रणय मिश्रा और अभ्यारण्य अधीक्षक आरके सिसोदिया के निर्देशन में बरमकेला रेंजर सुरेंद्र अजय की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की। इस दौरान टीम ने जंगल में सर्चिंग शुरू की तो कुछ लोग भागते हुए दिखाई दिए।

पकड़े गए आरोपी से साही का शव बरामद
टीम ने पीछा कर भालुपानी निवासी रामलाल को पकड़ लिया। आरोपी के पास से एक साही का शव बरामद किया है। पूछताछ में उसने शिकार करने की बात स्वीकार कर ली। वारदात में उसके चार साथी भी शामिल थे, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।वहीं पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है।

जंगल से गांव की ओर वन्य जीव को भगाते, फिर मार देते
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बारादावन परिसर के कक्ष क्रमांक 972 रिजर्व फॉरेस्ट में कुत्तों की मदद से वन्य जीवों का शिकार करते थे। पहले वह कुत्तों को वन्य जीवों के पीछे छोड़ देते। जब वन्य जीव जंगल से गांव की ओर भागता और घायल हो जाता तो उसका शिकार आरोपी करते थे। फिलहाल पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।