सूर्या हत्याकांड: आरोपी असद के घर पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने चस्पा किया नोटिस

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने आरोपी असद के परिवार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम आरोपी असद के घर पहुंची, जहां मकान बंद मिला और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद अधिकारियों ने मकान के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया। प्रशासन का कहना है कि जिस जमीन पर मकान बनाया गया है, उस पर अवैध कब्जा किया गया है। नोटिस में असद के पिता नवाब को 15 दिनों के भीतर एसडीएम कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और अवैध कब्जा स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई कर सकता है।

इधर, मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने सूर्या चौहान की मां से मुलाकात कर उन्हें एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सोम ने क्षेत्र में अवैध संपत्तियों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कराने की भी बात कही।

गौरतलब है कि 28 मई को बकरीद के दिन हुए विवाद के दौरान असद ने छात्र सूर्या चौहान पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ में आरोपी असद को मार गिराया था। वहीं, हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में असद के पिता नवाब समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले का एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। स्थिति को देखते हुए खोड़ा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।