जगदलपुर में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को काला झंडा दिखाया

त्वरित ख़बरें - भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश समेत 5 लोगों को पुलिस ने पकड़ा, पार्षद पर FIR की मांग को लेकर था विरोध

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को काला झंडा दिखाने वाले भाजयुमो के जिला अध्यक्ष समेत 5 भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जगदलपुर के चांदनी चौक के पास सभी कार्यकर्ता पहले से ही मौजूद थे। जैसे ही CM का काफिला पहुंचा तो भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ CM को काला झंडा दिखा दिया। इतने में वहां मौजूद पुलिस जवानों ने सभी को गिरफ्तार कर लिया और थाना लेकर आए। हालांकि 2 घंटे तक थाना में बैठाकर रखने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

दरअसल, जगदलपुर के संजय गांधी वार्ड की कांग्रेसी पार्षद कोमल सेना पर PM आवास दिलाने के नाम पर 40 से ज्यादा लोगों से 25-25 हजार रुपए का कमीशन लेने का आरोप लगा है। भाजपा के कार्यकर्ता कोमल सेना पर FIR और गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लेकिन अब तक FIR हुई है। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने CM को काला झंडा दिखाया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि, कांग्रेस की भ्रष्ट नीति है। सत्ता के दबाव के चलते पार्षद पर FIR नहीं हुई है।

पुलिस के हाथ सत्ता पक्ष के नेता बांध रखे है। यही वजह है कि पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि, दुर्भाग्यजनक है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बस्तर में मौजूदगी के बाद भी गरीब आदिवासी परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है। संजय गांधी वार्ड मामले में पुलिस राजनीतिक दबाव के कारण FIR दर्ज नहीं कर रहीं है। न्याय-अन्याय की इस लडा़ई को लेकर भाजपा का धरना जारी है और युवा मोर्चा ने गरीब परिवारों की आवाज बनकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराया है।