नवा रायपुर रेल प्रोजेक्ट में तेजी, दावा-आपत्ति के लिए 30 दिन का समय

त्वरित खबरें अरुण रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़, की नई राजधानी नवा रायपुर को जल्द ही नई रेलवे लाइन की सौगात मिलने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे लाइन बनने से रायगढ़, रायपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यातायात सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासन ने प्रभावित लोगों से दावा और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 30 दिनों का समय निर्धारित किया है।

जानकारी के मुताबिक प्रस्तावित रेलवे लाइन परियोजना के तहत कई गांवों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रशासन द्वारा भूमि मालिकों और प्रभावित परिवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी और प्रभावितों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

नई रेलवे लाइन बनने से नवा रायपुर का रेल नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे औद्योगिक, व्यावसायिक और यात्री परिवहन को भी गति मिलेगी। रायगढ़ और राजनांदगांव के बीच सीधी एवं बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होने से व्यापार और आवागमन में आसानी होगी। साथ ही नवा रायपुर को एक प्रमुख ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

स्थानीय प्रशासन और रेलवे विभाग परियोजना को जल्द आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि रेलवे लाइन बनने के बाद क्षेत्र में विकास गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।